बरेली। शास्त्रीनगर में सिंचाई विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजेंद्र सिंह ने 22 वर्षीय पत्नी गुड्डी पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाया और फरार हो गया। दोनों की शादी चार महीने पहले हुई थी। जिला अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
थाना अलीगंज के तिगरी दत्त नगर गांव की रहने वाली गुड्डी की शादी इसी साल आठ जून को अलीगढ़ निवासी विजेंद्र सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। बुधवार देर शाम कोे विजेंद्र सिंह गुड्डी को विदा कराकर शास्त्रीनगर कॉलोनी स्थित किराए के कमरे पर लाया था। यहां आते ही दोनों के बीच मारपीट होने लगी, तो अन्य किराएदारोेें ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया और जाकर सो गए।
इसी बीच कमरे से गुड्डी के चीखने की आवाज आई तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह ने बताया कि गुड्डी बुरी तरह से झुलस गई थी। उसके शरीर से मिट्टी के तेल की महक आ रही है। आरोपी विजेंद्र सिंह उस पर मिट्टी का तेल डालकर जलाने के बाद फरार हो गया है। गुड्डी के परिवारवालों को सूचना दे दी गई है। आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।