अभी तक जारी नहीं की गईं पर्चियां, 32 गांवों में गन्ने के उठान नहीं होने से बढ़ी परेशानी
बहेड़ी। 20 हजार क्विंटल प्रतिदिन की पेराई क्षमता वाली बहादुरगंज चीनी मिल के चलने का इंतजार किसानों के लिए बढ़ गया है। कारण उन्हें अभी तक पर्चियां जारी नहीं की गई हैं। बिना ट्रायल किए 32 गांवों को इसके खरीद केंद्र से जोड़े जाने पर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई हैं। वे बहादुरगंज चीनी मिल को अन्य मिलों के खरीद केंद्र से जोड़े जाने के लिए मांग करने लगे हैं।
किसानों का कहना है कि त्रिवटी नाथ शुगर मिल बहादुरगंज ने नवंबर माह में अपना प्रथम पेराई सत्र उद्घाटन के साथ शुरू किया। प्रथम पेराई सत्र के एक सप्ताह चलने के बाद ही मिल के टरबाइन के ट्यूब में कमी आ गई थी। इससे चीनी मिल बंद हो गई। किसानों की मांग पर तब इन सभी खरीद केंद्रों को निगोही और पीलीभीत की चीनी मिलों को दे दिया गया था, लेकिन अब फिर दोबारा से इसी चीनी मिल में इन सभी गांव के खरीद केंद्रों को जोड़ दिया गया है। इसको लेकर किसान विरोध कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि अब बिना किसी ट्रायल को इस चीनी मिल को चालू बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक पर्ची जारी नहीं किया गया है। किसानों का पेराई के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि उनका गन्ना पड़े-पड़े सूख रहा है। किसान नुकसान की आशंका जताते हुए पूर्व के भांति ही इन गांवों के खरीद केंद्रों से अन्य मिलों से जोड़ने की मांग की है।
मिल प्रबंधन ने सब कुछ बताया ठीक
एक सप्ताह पूर्व चीनी मिल के प्रबंध तंत्र ने अधिकारियों को बताया कि उनकी चीनी मिल एकदम फिट हो गई है। अब उन्हें दोबारा से गन्ना खरीद केंद्र आवंटित कर दिए जाए। गन्ना विभाग ने चुरैली, घटगांव, कुंडरा के खरीद केंद्र आवंटित किए गए। इसके अलावा तीन पीलीभीत के चीनी मिल के खरीद केंद्र आवंटित हुए हैं। करीब 32 गांव के किसान इस चीनी मिल के खरीद केंद्र से जुड़े हैं। वहीं, किसान इस बात को लेकर परेशान है कि बीच समय में अगर फिर से चीनी मिल बंद हो गई तो फिर किसान अपना गाना कहां सप्लाई करेंगे।
-
किसानों का भरोसा डिगा
1. कुंडरा कोठी के डाॅ. आरसी गंगवार कहते हैं कि उनका गन्ना खरीद केंद्र पीलीभीत शुगर मिल से ही रहने दिया जाए। त्रिवटीनाथ चीनी मिल को बगैर ट्रायल के चला दिया गया, जो बंद हो गई थी। क्या भरोसा बीच में फिर दोबारा बंद हो जाए।
2. घाट गांव के किसान प्रकाश गंगवार का कहना है कि उनका गन्ना खरीद केंद्र निगोही चीनी मिल में ही रहने दिया जाए। बिना ट्रायल त्रिवटीनाथ चीनी मिल के खरीद केंद्र से जोड़ना ऊचित नहीं है।
-
चीनी मिल एकदम सुचारू रूप से चालू है। भारत सरकार की टीम जाकर निरीक्षण कर चुकी है। किसान अपना गन्ना लेकर आए। अपने वादे के मुताबिक, जल्द से जल्द भुगतान किया जाएगा।
- सुरेंद्र पांण्डेय, जीएम, त्रिवटी नाथ शुगर मिल, बहादुरगंज।
बहादुरगंज चीनी मिल को तीन खरीद केंद्र बहेड़ी और तीन पीलीभीत चीनी मिल के आवंटित हुए हैं। चीनी मिल का निरीक्षण करने के बाद ही पर्ची जारी होगी। किसानों को किसी भी हालत में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
- राजीव सेठ, सचिव, गन्ना समिति, बहेड़ी।