मीरगंज। बीते दिनों हुई बारिश ने ईंट भट्ठा संचालकों को नुकसान पहुंचाया है। बारिश के चलते कच्ची ईंटें खराब होने से भट्ठा संचालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में छह से ज्यादा ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं। यहां इन दिनों कच्ची ईंटें बनाने का काम किया जा रहा है। इन्हें सूखने के लिए खुले मैदान में लगाया गया है। बारिश में खुले में रखीं ज्यादातर ईंटें खराब हो गईं।
बालाजी ब्रिक फील्ड के संचालक सुदेशपाल सिंह ने बताया कि सीजन की शुरुआत में ही बारिश हो जाने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मजदूरी, मिट्टी, कोयला और अन्य खर्च पहले ही किए जा चुके थे। क्षेत्र के अन्य भट्ठा मालिक महेश गंगवार, मन्नू गंगवार, ओमप्रकाश दिवाकर, निजाकत अली, हेमेंद्र सिंह, रमेश गंगवार आदि ने भी नुकसान की बात कही है।
कई भट्ठों पर काम ठप हो गया है, इससे यहां काम करने वाले मजदूरों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। भट्ठा मालिकों ने सरकार से मांग की है कि बेमौसम बारिश से कच्ची ईंटों को हुई क्षति की भरपाई की जाए। संवाद