बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में बड़ा बाइपास पर गांव परधौली और ट्यूलिया के बीच शुक्रवार रात लगातार दो सड़क हादसों में बाइक सवार स्कूल गार्ड की मौत हो गई। उसका शव हटवाते वक्त ट्रक पलटने से तीन पुलिसकर्मियों समेत छह लोग घायल हो गए। हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। रात नौ बजे के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी राजवीर यादव दिल्ली पब्लिक स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड थे। शुक्रवार शाम सात बजे वह बाइक से ड्यूटी जा रहे थे। रास्ते में बड़ा बाइपास पर गांव परधौली और ट्यूलिया के बीच कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कार छोड़कर भाग गया। सूचना पर सीबीगंज, फतेहगंज पश्चिमी और भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव उठाने व रोड खुलवाने में जुटी थी। राजवीर के परिवार के लोग और कई परिचित भी आ गए। इसी दौरान बिलवा की ओर से आ रहा चावल से भरा ट्रक घटनास्थल पर अनियंत्रित हो गया। वह कई वाहनों को टक्कर मारते हुए पलटकर तीन हिस्सों में बंट गया।
ट्रक की चपेट में आने से फतेहगंज पश्चिमी थाने के सिपाही कौशलेंद्र कुमार, सीबीगंज थाने के रामऔतार और मुकेश कुमार समेत प्रहलादपुर निवासी ग्रामीण राजेश शर्मा, परधौली के सुभाष और ट्रक चालक घायल हो गए। ट्रक पलटने से हाईवे पर भी जाम लग गया। सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक अकमल खान समेत छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात साढ़े नौ बजे क्रेन से वाहनों को हटवाकर लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।
-
पोस्टमार्टम हाउस के पास अंधेरा, बाइक गड्ढे में घुसी, महिला जख्मी
बरेली। प्रेमनगर क्षेत्र निवासी विवेक अपनी 35 वर्षीय पत्नी चंचल को लेकर शुक्रवार शाम बाइक से शादी के कार्ड बांटने चौकी चौराहे से चौपुला की ओर जा रहे थे। पोस्टमार्टम हाउस के पास रोड पर लगी लाइट बंद थी। इससे उनकी बाइक गड्ढे में चली गई और उनकी पत्नी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद कर्मचारियों ने गाड़ी को साइड में खड़ा कर महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। विवेक ने नगर निगम और बिजली निगम पर अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं। ब्यूरो