बरेली। रमजान में रोजा इफ्तार काफी अहमियत रखता है। इसलिए आम तौर पर इफ्तार के दस्तख्वान को तमाम तरह के पकवानों और फल आदि से सजाया जाता है। इन पकवानों में अब बदलाव भी नजर आने लगा है। इसमें पिज्जा, बर्गर, चाउमीन, इडली ने भी जगह बना ली है।
आम तौर पर लोग की कोशिश रहती है कि घर हो या बाहर कई लोग एक साथ दस्तरख्वान पर बैठकर इफ्तार करे। सामने सजता है विभिन्न पकवानों से भरपूर दस्तरख्वान। इसमें पहले से चले आ रहे खजूर, पकौड़ी, पापड़, कचरी, दही-बड़े, मसाले का चना और मटर के छोले के साथ तमाम तरह के फल आदि हुआ करते हैं। यह चीजें आज भी इफ्तार के दस्तख्वानों पर जगह बनाएं हुए हैं, इनके साथ मौजूदा दौर के फास्ट फूड भी दिख रहे हैं। इन दिनों में गर्मी कम है तो शरबत की जगह शैक ने ले रखी है। इसमें मिल्क बादाम, मौंगो, बनाना आदि दिख रहे हैं।