गुलड़िया। स्थानीय साप्ताहिक बाजार में शुक्रवार को एक गल्ला व्यापारी का नोटों से भरा थैला लेकर बच्चा चोर भाग गया। मामले में पुलिस से शिकायत की गई है।
अलीगंज थाने के गांव राजपुर कलां के व्यापारी पप्पू अपने बेटे शिवम के साथ सिरौली थाना के गुलड़िया गौरी शंकर में शुक्रवार और मंगलवार को बाजार में गल्ला खरीदने आते हैं। शुक्रवार को व्यापारी पप्पू बाजार में किसानों का गल्ला देख रहे थे। बेटा शिवम पल्ले पर अनाज की तौल कर रहा था। बताते हैं कि नोटों से भरा थैला शिवम के हाथ में था। जैसे ही शिवम वह थैला पल्ले पर रखकर अनाज तौलने लगा, तभी मौका पाकर चोर थैला लेकर भाग गया, जब शिवम ने पैसे देने के लिए थैला देखा तो, वह गायब था। शिवम ने तुरंत ही घटना से अपने पिता को अवगत कराया। घटना के बाद बाजार में दर्जनों लोग एकत्र हो गए।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा बच्चा
बाजार में मौजूद शिवम के परिजन भी आ गए, लेकिन चोर का पता नहीं चला। बाद में गौरी शंकर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसमें पता चला कि एक 10 से 12 साल का बच्चा मंदिर से होकर थैला लेकर भाग रहा है। बाद में मंदिर गेट पर आकर वह बच्चा एक मोटरसाइकिल से बैठकर अलीगंज की तरफ भाग गया। शिवम के पिता पप्पू ने बताया की थैली में लगभग सत्तर हजार रुपए थे। संवाद