बरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पहले शहर के मंदिर सजकर तैयार हो गए हैं। प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। इस बार भगवान कृष्ण का जन्म रोहिणी नक्षत्र में होगा। प्रेमनगर स्थित बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में भजन क्लबिंग का आयोजन किया जाएगा। यहां रात आठ बजे से युवाओं का जुटना शुरू हो जाएगा और रात 12 बजे तक वे राधा-कृ़ष्ण के भजनों पर जमकर झूमेंगे।
मंदिर कमेटी के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों व लाइटों से सजाया गया है। पहली बार भजन क्लबिंग का आयोजन किया जा रहा है। श्री बांके बिहारी मंदिर में 36वें वार्षिकोत्सव, श्री कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार मंदिर को विशेष और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जिसका मुख्य आकर्षण दिल्ली से बनकर आने वाली बांके बिहारी और राधा रानी की सुंदर पोशाक होगी।
बृहस्पतिवार को मंदिरों की लाइटें जलने के बाद लोग देखने पहुंच रहे हैं। इस बार सजावट की मुख्य थीम मटके में माखन लेते ठाकुर बांके बिहारी एवं राधा रानी जी पर फूलों की वर्षा रखी गई है, जिसे देखने के लिए शुक्रवार को भक्त बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। मंदिर की रोड को भी दाेनों ओर से सजाया गया है। मंदिर के आसपास झूले आदि लगाए गए हैं। बृहस्पतिवार को भी मंदिर को सजाने का काम चलता रहा। हरि मंदिर, रामायण मंदिर में तैयारियां चलती रहीं।