बरेली। मंडलक्रीड़ा संघ पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर की ओर से रोड नंबर चार स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को यांत्रिक (समाडी) विभाग और लेखा विभाग की टीमों के बीच भिड़ंत हुई। इसमें यांत्रिक की टीम ने लेखा विभाग की टीम को सात विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लेखा विभाग की टीम निर्धारित 15 ओवरों में महज 95 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें दीपक यादव ने 22 रन, आरके पांडेय ने 19 रन और गौरव पाल ने 18 रनों का योगदान दिया। यांत्रिक विभाग की तरफ से कमल मीणा, रामकेश और भगवान ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यांत्रिक (समाडी) की टीम ने विनीत कुमार के नाबाद 31 रनों और राहुल सैनी के 21 रनों के योगदान के दम पर 10.2 ओवरों में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल किया। लेखा विभाग टीम की ओर से प्रमोद मीणा ने दो विकेट चटकाए। मैन ऑफ द मैच का खिताब यांत्रिक (समाडी) विभाग के रामकेश मीणा को मिला।
मैच के दौरान मंडल क्रीड़ा अधिकारी संदीप सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राजकुमार उपस्थित रहे। अंपायर की भूमिका शरद फर्नांडीस और मोहम्मद वसीम ने निभाई। स्कोरिंग आकाश और कमेंटरी कार्तिक गंगवार, दीपक की ओर से की गई।
इस मौके पर टूर्नामेंट रेफरी माजिद हसन खान ने बताया कि सोमवार को पहला मैच यांत्रिक कारखाना और लोकोशेड के मध्य सुबह 07ः30 बजे से खेला जाएगा। वहीं दिन का दूसरा मैच टीआरडी और ऑपरेशंस के बीच में सुबह 10:30 बजे से होगा। संवाद