फरीदपुर। गला दबाकर किसान की हत्या करने के आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। हत्या की कड़ी जोड़ने के लिए विवेचक द्वारा साक्ष्य ढूंढे जा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने दी तहरीर में मारपीट व गला दबाने का जिक्र नहीं किया था।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में चकमार्ग की पैमाइश के दौरान किसान पप्पू यादव (40) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बेटे बलवीर व कल्लू ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर राजस्व निरीक्षक की मौजूदगी में राजस्व टीम व पुलिस टीम करीब 80 मीटर लंबे सरकारी चक मार्ग की पैमाइश करने आई थी। प्रधान के कहने पर टीम ने गलत तरीके से पैमाइश कर उनके खेत में पूरा चक मार्ग निकाल दिया, जिसमें धान की फसल खड़ी हुई है। परिजन बृहस्पतिवार को पैमाइश न करने की मांग करते रहे। इसी दौरान टीम के सामने पप्पू की मौत हो गई। पुलिस व राजस्व टीम दोनों ही अपने सामने की इस तरह की घटना या मारपीट होने की बात से साफ इन्कार कर रहे हैं। इधर, फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद हत्या से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद