फरीदपुर। नगर पालिका परिषद फरीदपुर में अध्यक्ष एवं लिपिक द्वारा की गईं अनियमितताओं की जांच करने के लिए अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह द्वारा गठित की गई टीम मंगलवार को जांच करने नहीं पहुंची। इससे जांच प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
नगर पालिका परिषद फरीदपुर के सभासद अजीम मियां ने शिकायत की थी कि नगर पालिका परिषद फरीदपुर के सरकारी रुपयों का दुरुपयोग गलत तरीके से कीटनाशक दवाइयों के भुगतान में बिना सत्यापन के किया गया। दोबारा कीटनाशक दवाएं नियम विरुद्ध तरीके से सिविल कार्य करने वाले ठेकेदार के द्वारा खरीद ली गई, जो नियम अनुसार कीटनाशक के लाइसेंस धारक से ही ली जानी चाहिए थी। फाॅगिंग मशीन की रिपेयरिंग का कार्य भी सिविल किट ठेकेदार से बिना सत्यापन के भुगतान कर दिया गया। इस तरह अनेक कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगा था। इन सभी बिंदुओं पर पिछले वर्ष जांच हो चुकी, जिसमें अधिशासी अधिकारी ने घोटाले की जांच में घोटाला सिद्ध किया था।
तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच
इस मामले में एडीएम ने पत्र जारी कर घोटाले की जांच करने के लिए टीम गठित की। इसमें उन्होंने मुख्य कोषाधिकारी बरेली, अपर उप जिला अधिकारी सदर बरेली, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन लोक निर्माण विभाग बरेली को नियुक्त किया, लेकिन यह टीम मंगलवार को नगर पालिका परिसर नहीं पहुंच सकी।
मंगलवार को टीम के सदस्यों के कई अन्य कार्यक्रम लग जाने के कारण जांच के लिए टीम फरीदपुर नहीं पहुंच पाई। अब अगली नई तिथि एडीएम राजस्व एवं वित्त की तरफ से निर्धारित होगी, जिसके क्रम में हम लोग जांच करने जाएंगे।
- शैलेश कुमार, मुख्य कोषाधिकारी एवं सदस्य जांच कमेटी