बिशारतगंज। गंगा में पानी अधिक होने के चलते इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालु रामगंगा के बिशारतगंज घाट पर स्नान नहीं कर सकेंगे। मेला प्रशासन ने अधिक पानी होने के कारण इस घाट पर स्नान पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। हर वर्ष रेलवे पुल के पास बिशारतगंज घाट एवं यात्री पुल के पास भमोरा के भगवानपुर घाट पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते थे।
घाट पर जाने वाले रास्ते पर बेरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि घाट पर कोई हादसा न होने पाए। इसके मद्देनजर पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए मेला प्रशासन की ओर सुभाषनगर साइड में बनाए गए घाट पर स्नान के लिए प्रबंध किया गया है। संवाद
गंगा मेले की व्यवस्थाओं को किया दुरुस्त
सिरौली। कस्बे में रामगंगा घाट पर बुधवार को लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर नगर पंचायत की ओर से व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। सफाई नायक रोहताश वाल्मीकि ने बताया कि रामगंगा में स्नान के दौरान तय सीमा पर बांस बल्ली गाड़ कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। महिलाओं की सुविधाओं के लिए रामगंगा घाट पर कमरे तैयार कराए गए हैं। इसके अलावा मेला स्थल की ऊबड़ खाबड़ जमीन को जेसीबी से समतल कर दिया गया है। अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने बताया कि पार्किंग और श्रद्धालुओं के लिए अलग से टेंट की व्यवस्था कर दी गई है। गोताखाेरों को भी तैनात किया गया है। संवाद
स्नान से पहले घाटों पर हुई साफ-सफाई
फतेहगंज पूर्वी। बुधवार को कार्तिक मास की पूर्णिमा पर रामगंगा नदी के नगरिया, कादरगंज घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचेंगे, जिसके लिए प्रशासन द्वारा घाटों पर साफ-सफाई व महिलाओं के स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए स्नानघर व घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की तैयारी की गई है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि लगातार घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। संवाद