2.20 लाख उपभोक्ताओं के घरों पर लगने हैं नए मीटर, अब तक 1,04,510 लगाए जा चुके
बरेली। मार्च 2026 तक विद्युत निगम जिले में एक लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाएगा। अभी तक 1,04,510 मीटर लगाए जा चुके हैं।
विद्युत निगम की ओर से स्मार्ट मीटर लगाने की योजना लंबे समय से चल रही है। अब जाकर काम ने रफ्तार पकड़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, मीटर लगाने की जिम्मेदारी इंटेली स्मार्ट कंपनी को दी गई है।
अभी तक 1,04,510 मीटर लगाए गए हैं। इनमें से 51,665 स्मार्ट मीटर 2023 योजना के तहत लगाए गए। ऐसे में एक लाख से अधिक घरों पर अब भी स्मार्ट मीटर लगाना हैं। अफसरों का दावा है कि मार्च 2026 तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद प्रीपेड कनेक्शन वाले ग्राहकों को एक माह का बफर समय दिया जाएगा। इसका मतलब है कि रिचार्ज खत्म होने पर बिजली नहीं कटेगी, बल्कि रजिस्टर्ड नंबर पर इसकी जानकारी दी जाएगी। ऐसे में उपभोक्ता के पास रिचार्ज कराने का समय होगा।
97.4 प्रतिशत तक हुई बिलिंग
स्मार्ट मीटर का विरोध भी काफी हो रहा है। विद्युत निगम के मुताबिक इसी वजह से मीटर लगाने में परेशानी हुई और समय लगा था। हालांकि अब विरोध कम हो गया है और मीटर लगने के बाद बिलिंग भी अच्छी हो रही है। 97.4 प्रतिशत की बिलिंग अब तक हो चुकी है। संवाद
आंकड़े
कुल स्मार्ट मीटर लगे : 1,04,510
प्रीपेड में स्थानांतरित हुए: 48,384
वर्जन :
स्मार्ट मीटर लगाने की योजना पर काम चल रहा है। लक्ष्य के तहत मार्च 2026 तक सभी उपभोक्ताओं के घरों पर मीटरों को लगा दिया जाएगा। - ब्रह्मपाल, अधीक्षण अभियंता