तेलंगाना को मात देकर बनाई जगह, अब मणिपुर से होगा मुकाबला
बरेली। गोवा के मडगांव में चल रही राष्ट्रीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। फाइनल में पहुंचने के लिए अब टीम मणिपुर से भिड़ेगी।
सेपक टाकरा उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी तान सिंह ने बताया कि टीम ने नागालैंड के खिलाफ पहले सेट में 15-12 से जीत हासिल की, लेकिन दूसरा सेट 10-15 से गंवा दिया। इसके बाद टीम का मुकाबला तेलंगाना से हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले सेट में 15-10 और दूसरे सेट में 15-9 के अंतर से जीत दर्ज की।
उन्होंने बताया कि अब टीम मणिपुर से भिड़ेगी। मुकाबले के दौरान टीम के कोच राम कुमार और साईं कोच मीना कुमारी भी मौजूद रहीं। संवाद