बरेली। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 21वीं यूपी स्टेट यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 तथा पांचवें इंडियन जैवलिन डे का आयोजन सात और आठ अगस्त को प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में किया जाएगा। इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रदेश भर की संबद्ध जिला इकाइयों के पंजीकृत एथलीट हिस्सा लेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1000 मीटर, रेस वॉक, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और हेप्टाथलॉन जैसी विभिन्न स्पर्धाओं के साथ-साथ जैवलिन थ्रो और किड्स जैवलिन थ्रो का विशेष आयोजन होगा। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक व बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के अनुसार स्पर्धा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि चार अगस्त को रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। एथलीट भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुल्क 200 रुपये तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 500 रुपये तय किया गया है।