मौलाना तौकीर के करीबी प्रधान जाकिर के जिम और इरफान के बर्फखाने पर भी ताला, अवैध कब्जों पर गरजा बुलडोजर
बरेली। शहर में बवाल कराने के आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबियों पर पुलिस, बीडीए और नगर निगम की कार्रवाई जारी है। सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सपा पार्षद अब्दुल कय्यूम उर्फ मुन्ना के ई-बाइकों के शोरूम, कांग्रेस पार्षद मैहसर खां के गैराज, पूर्व पार्षद वाजिद बेग के बरातघर, प्रधान जाकिर के जिम, और इरफान के बर्फखाने को सील कर दिया। बीडीए के मुताबिक ये सभी निर्माण अवैध हैं। इधर, कटघर और सिटी स्टेशन रोड पर नगर निगम के बुलडोजर ने 70 से अधिक दुकानों के सामने से अवैध कब्जे हटाए।
बीडीए की टीम पुलिस फाेर्स के साथ दोपहर बाद मौलाना तौकीर के करीबी फरीदापुर चौधरी के पूर्व पार्षद वाजिद बेग के बरातघर बेग पैलेस पर पहुंची। पहले हथौड़े से ताला तोड़ा गया, फिर बरातघर का जायजा लेकर बीडीए ने अपना ताला लगाकर उसे सील कर दिया। इसमें टीम को 30 मिनट लगे। इसके बाद अपराह्न 3:15 बजे टीम फरीदापुर चौधरी से कांग्रेस के पार्षद मैहसर खान के पिता नासिर के वीरसावरकर नगर स्थित गैराज पर पहुंची। टीम ने वहां 300 वर्गमीटर जमीन पर संचालित गैराज को सील किया। यह कार्रवाई 15 मिनट में पूरी कर टीम 3:30 बजे वहां से रवाना हो गई।
शाम 4:44 बजे बीडीए की टीम कोहाड़ापीर चौकी पहुंची। यहां शाहबाद वार्ड से सपा पार्षद अब्दुल कय्यूम मुन्ना के एक्यू इंटरप्राइजेज नाम से संचालित ई-बाईकों के शोरूम को सील किया। टीम ने शोरूम पर पहुंचते ही वर्करों और मुन्ना को बाहर निकाला। इसके बाद 20 मिनट में कार्रवाई पूरी कर शाम 5:10 बजे वहां से रवाना हो गई। इसके बाद टीम मोहनपुर ठिरिया के प्रधान जाकिर के नकटिया स्थित जिम पहुंची।
300 वर्गमीटर जमीन पर टिन शेड में संचालित जिम को सील कर दिया। इसके बाद जाकिर के भाई इरफान के 500 वर्गमीटर जमीन पर संचालित बर्फखाने के दाेनों गेट को सील किया। कार्रवाई के बाद शाम 6:15 बजे बीडीए की टीम लौट गई। सीलिंग की कार्रवाई में ओएसडी अजीत कुमार मौजूद रहे। उनके साथ सीओ तृतीय पंकज कुमार और बारादरी, किला, कोतवाली व कैंट थाने की पुलिस मौजूद रही।
गिरफ्तारी के लिए लगाईं सात टीमें, संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
बवाल में नामजद 15-15 हजार रुपये के इनामी आरोपियों की तलाश में पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी ने बताया कि संबंधित थानों की पुलिस टीम के साथ एसओजी, सर्विलांस समेत सात टीमों को इनकी तलाश में लगाया है। आरोपी जल्दी नहीं मिले तो कोर्ट में आवेदन कर इनकी संपत्ति कुर्क कराई जाएगी।
कई और जनप्रतिनिधि भी कार्रवाई के घेरे में
शहर में हुए बवाल को लेकर तीन पार्षद, एक पूर्व पार्षद और एक ग्राम प्रधान कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। कई और जनप्रतिनिधियों तक भी इस बवाल की आंच पहुंच सकती है।
छह साल पुराने मामले में पुलिस ने मांगा रिमांड
मौलाना तौकीर पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। वर्ष 2019 के मुकदमे में अब तक पुलिस चार्जशीट अटकाए हुए थी। अब यह फाइल दोबारा खोली जा रही है। मौलाना का कोर्ट से रिमांड मांगा गया है। तब मौलाना के आह्वान पर निषेधाज्ञा के दौरान सीएए और एनआरसी के मुद्दे पर प्रदर्शन हुए थे। जगह-जगह मुकदमे दर्ज किए गए थे। ब्यूरो