सहकारी समिति के सचिव की मौत के मामले में पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचे डीसीबी अध्यक्ष। स्रोत: वीडियो
शाहजहांपुर। थाना गढ़ियारंगीन क्षेत्र के जौरा खास की सहकारी समिति के सचिव दिनेश मिश्रा की मौत के मामले में सोमवार को दोपहर में पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने हंगामा किया। उनके बेटे ने आरोप लगाया कि रविवार को तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि भुगतान को लेकर पिता को अधिकारी परेशान कर रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने परिजनों को उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया है। बरेली के सुभाषनगर निवासी दिनेश के बेटे प्रियांशु ने बताया कि उनके फोन पर रविवार को दोपहर में काॅल आया था। बताया गया कि पिता की तबीयत खराब है। इसके बाद वह मां के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पिता मृत हालत में मिले। फाॅरेंसिक टीम जांच कर रही थी। इस बीच वहां पर मिले एक व्यक्ति ने बताया कि उनके पिता से हाथापाई की गई थी। उसके बाद उनकी मौत हुई है। प्रियांशु ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय कहा कि एएसपी कार्यालय जाओ। आरोप है कि पिता से कमीशन की मांग की जाती थी। बेटे ने पिता की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर ने बताया कि सचिव की मौत हत्या है या आत्महत्या। यह पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से साफ होगा। संवाद