बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आगामी जून महीने में स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। इस दौरान शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की कवायद की जाएगी।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 की तुलना में सत्र 2026-27 के लिए अब तक जिले में कुल 59.99 प्रतिशत ही नए नामांकन हो पाए हैं। कुल 2,634 स्कूलों में जहां पिछले सत्र में 73,640 नए पंजीकरण हुए थे, वहीं इस बार अब तक केवल 44,175 छात्र-छात्राओं का ही पंजीकरण हो सका है। इसी अंतर को पाटने और छूटे हुए बच्चों को स्कूलों तक लाने के लिए जून में दूसरे चरण की शुरुआत की जा रही है।
पहले चरण के आंकड़ों पर नजर डालें तो बरेली सिटी की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है। यहां महज 30.77 प्रतिशत नामांकन ही हुए हैं। क्षेत्र जिले की सूची में सबसे निचले पायदान पर है। शहरी क्षेत्र के 154 स्कूलों में पिछले साल के 5,408 के मुकाबले इस बार केवल 1,664 नए पंजीकरण हुए हैं।
राम नगर 46.90 प्रतिशत और शेरगढ़ 52.45 प्रतिशत के साथ फिसड्डी ब्लॉकों में शामिल हैं। भुता ब्लॉक 73.72 प्रतिशत की सबसे बेहतर प्रगति के साथ शीर्ष पर है। मीरगंज 71.29 प्रतिशत और मझगवां 69.90 प्रतिशत नामांकन दर के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों में शामिल है।
कक्षा-एक व छह में सबसे ज्यादा पंजीकरण
कक्षा-वार प्रगति पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा नए पंजीकरण कक्षा-एक और कक्षा-छह में देखने को मिल रहे हैं। कक्षा-एक में इस बार अब तक 22,706 बच्चों का दाखिला हुआ है। कक्षा-छह में 15,653 नए प्रवेश दर्ज किए गए हैं। कक्षा- आठ में अब तक सिर्फ 446 नए बच्चों ने ही पंजीकरण कराया है।
वर्जन :
पिछले साल के मुकाबले पहले चरण के पंजीकरण सामान्य हैं। दूसरे चरण में उन ब्लॉकों और कक्षाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा जहां नामांकन की स्थिति कम है। डॉ. विनीता, बीएसए