आंधी और बारिश से ध्वस्त हुई शहर की बिजली व्यवस्था दूसरे दिन भी पटरी पर नहीं आ सकी। मठ चौकी, पुराना शहर, प्रेमनगर, भूड़, डेलापीर और इज्जतनगर आदि इलाकों में मंगलवार देर शाम तक बिजली नहीं आ पाई। इससे लोग पानी को भी तरस गए। सूफी टोला के लोगों ने शाहजहांपुर रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक दोनों ओर से वाहन फंसे रहे।
सोमवार दोपहर साढ़े बजे के बाद आई तेज हवा और बारिश से शहर में ब्लैक आउट हो गया। कई इलाकाें में खंभे धराशायी हो गए और लाइनें टूट गईं। देर रात तक शहर के कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे। मंगलवार सुबह तक सप्लाई न आने पर सूफी टोला के लोग भड़क गए। सुबह 11 बजे भीड़ शाहजहांपुर रोड स्थित हाईवे पर पहुंच गई। ट्रक और वाहनाें के आगे खड़े होकर प्रदर्शन करने लगे। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। धीरे-धीरे सेटेलाइट से शहामतगंज तक लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक यही स्थिति रही। पुलिस ने आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया। गर्मी से एक महिला प्रदर्शन के दौरान बेहोश भी हो गई। इससे पहले सुबह चीफ इंजीनियर आरके अग्रवाल, एसई मनोज पाठक और नंदलाल आदि खुद कमान संभाली तो क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक कराया गया। सेटेलाइट स्थित चार खंभे फिर से लगाए गए। मठ चौकी पर पेड़ गिरने के कारण मंगलवार देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। उधर, कोहाड़ापीर उपकेंद्र पर दस एमबीए का खराब ट्रांसफार्मर बदलने का काम मंगलवार सुबह शुरू हो गया जो देर शाम तक चला। इससे उपकेंद्र से पोषित प्रेमनगर, भूड़, धर्मकांटा, लल्ला मार्केट, बानखाना, सुर्खा, कोहाड़ापीर, बृजलोक कालोनी, जवाहर नगर, अशोक नगर, नैनीताल मार्ग आदि दर्जनाें इलाके बेहाल रहे। एसडीओ अजय शुक्ला ने बताया कि बुधवार से स्थिति सामान्य हो जाएगी।