फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: गड्ढों में गुम हुई सड़क, हर मोड़ पर हादसे का खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। स्टेडियम रोड, राजेंद्र नगर, कोहाड़ापीर व श्यामगंज में जगह-जगह उखड़ी सड़कें, गहरे गड्ढे और अधूरे मरम्मत कार्य के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खस्ताहाल सड़कों के चलते हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बाद भी जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक इसका संज्ञान नहीं लिया जा रहा।
विज्ञापन

स्टेडियम रोड से संजय नगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यहां जलभराव की स्थिति बनी रहती है। राहगीर राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी आसपास चल रहे लोगों पर पड़ता है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्टेडियम के पीछे बीडीए आवास के पास सड़क लंबे समय से खराब है। यहां मरम्मत कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। नतीजतन क्षेत्र के लोगों को रोजाना टूटी सड़क पर सफर करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

पॉश इलाकों में शामिल राजेंद्र नगर में भी हालात बेहतर नहीं हैं। ई-ब्लॉक स्थित प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय के सामने छह माह पहले बनी सड़क उखड़ने लगी है। सड़क पर फैली गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बन गई है। बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर भी गड्ढे हो गए हैं।
धर्मकांटा रोड पर केडीएम इंटर कॉलेज के सामने सड़क क्षतिग्रस्त है। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल श्यामगंज पुल के नीचे की सड़क भी लंबे समय से जर्जर पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
क्षेत्र निवासी मोहम्मद इरफान बताते हैं कि सीवर लाइन के कार्य के बाद यहां गिट्टी डालकर सड़क को छोड़ दिया गया। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही सड़क की मरम्मत पूरी होगी, लेकिन महीनों बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हर बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
बारिश होने पर टूटी सड़कों की समस्या और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, इससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। कई स्थानों पर जलभराव के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

वर्जन ...
टूटी सड़कों को चिह्नित करके मरम्मत कराई जाएगी। स्टेडियम रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत काम कराया जा रहा है। यहां पर जो भी काम अधूरे हैं उनको जल्द पूरा कराया जाएगा। - राजीव कुमार राठी, अधिशासी अभियंता पर्यावरण, नगर निगम
पीडब्ल्यूडी की जो भी सड़कें होंगी, उसको कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। जल्द उनकी मरम्मत कराई जाएगी। -भगत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें