बिशारतगंज। नगर पंचायत कार्यालय के सामने से गुजर रही सड़क ठेकेदार ने मिट्टी डालकर अधूरी छोड़ दी है। बारिश के बाद यह सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। वाहन छोड़िए यहां से लोग पैदल नहीं निकल पा रहे। इसकी शिकायत डीएम से भी की गई है।
पूर्व सभासद गुलजार हुसैन एडवोकेट ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नगर पंचायत कार्यालय के सामने से गुजर रही सड़क जैतपुर शरीफपुर-बलेई भगवंतपुर मार्ग को जोड़ती है। इस सड़क से बड़ी संख्या में लोगों का नगर पंचायत कार्यालय, ईदगाह एवं कब्रिस्तान आना-जाना होता है।
नगर पंचायत ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाला था। काम लेने वाले ठेकेदार ने मिट्टी डालने के बाद आगे काम अब तक कराया ही नहीं है। बरसात के सीजन में अब आम लोग परेशान होंगे।
मामले में अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि ने बताया कि जेई से बात करके ठेकेदार को नोटिस जारी कराया गया है। तीन दिन में काम पूरा न होने पर ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कन्या इंटर कॉलेज के खस्ताहाल मार्ग की मरम्मत कराने की मांग
शीशगढ़। मोहल्ला नई बस्ती स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के लिए जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर किसान यूनियन महात्मा टिकैत के मोहम्मद दानिश बृहस्पतिवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन नगर पंचायत के ईओ को देने पहुंचे। ईओ के मीटिंग में होने की वजह से उन्हें शुक्रवार को आने के लिए कहा गया। प्रार्थनापत्र में बताया गया कि कॉलेज जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और फिसलन होने से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाएगी। एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने ईओ से बात करके मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। संवाद