बरेली। कोरोना संक्रमित एजाजनगर गौटिया निवासी युवक की बृहस्पतिवार को एहतियातन कराई गई जांच की रिपोर्ट निगेटिव मिली। आधार कार्ड सामने आने पर युवक ने बरेली में ही निवास की बात कुबूल की। आईडीएसपी सेल के मुताबिक युवक स्वस्थ है। परिजनों में भी कोई संदिग्ध लक्षण नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पंजाब में पांच जून को युवक कोरोना संक्रमित मिला था। बुधवार को रिपोर्ट बरेली आई। युवक को ट्रेस करने की कोशिश की गई तो उसने फोन बंद कर लिया। पता भी गलत बताया। पंजाब में जांच के दौरान दिए आधार कार्ड के आधार पर एजाजनगर गौटिया का पता चला था। बताया कि बृहस्पतिवार को युवक ने शहर के एक निजी लैब से आरटीपीसीआर जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव मिली। इसे यूडीएसपी पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने सर्दी-खांसी, बुखार आदि संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर कोरोना की एंटीजन जांच कराने की अपील की है, ताकि संक्रमण का समय से पता चल सके और उसका प्रसार नियंत्रित किया जा सके।
शहर में तीन, ब्लॉकों में एक-एक आरआरटी गठित
कोरोना संक्रमित मिलने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सीएमओ ने रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) गठित कर दी है। बरेली शहर में तीन और ब्लॉकों में एक-एक टीमें गठित हुई हैं। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर, एक लैब टेक्नीशियन, एक एएनएम, एक पैरामेडिकल स्टाफ, एक स्थानीय आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। ब्यूरो