बरेली। बारादरी इलाके के दुर्गानगर (संजयनगर) में वसूली करने गई राजस्व विभाग की टीम पर बकाएदार के परिवार वालों ने हमला कर दिया। दो राजस्व कर्मचारियों के कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद टीम को दौड़ा दिया। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग गए। बकाएदार और उनके दो बेटों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश की अगुवाई में राजस्व संग्रह अमीन संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार यादव, प्रकाश बहादुर, दिनेश कुमार, सुनील कुमार और सीजनल अमीन अरुण कुमार बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे दुर्गानगर के सोहनलाल के घर पहुंचे। सोहनलाल के खिलाफ कोर्ट और परिवहन देय में एक लाख 87 हजार 983 रुपये बकाया है। उनके खिलाफ रोड टैक्स और एक्सीडेंटल क्लेम की आरसी जारी होने के बाद वारंट जारी हो चुके हैं। वारंट तामील कराने के लिए जैसे ही मनोज कुमार यादव ने जैसी ही आवाज लगाई सोहनलाल अपने दो बेटों और तीन अन्य के साथ बाहर निकल आए। सभी ने टीम पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान मनोज कुमार यादव और दिनेश के कपड़े फाड़ डाले। टीम किसी तरह भागकर गली से मैन रोड पर खड़े सरकारी वाहन तक पहुंची। वहां से नायब तहसीलदार ने फोन कर अफसरों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद चीता मोबाइल के सिपाही मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए थे। अमीन संघ के नेता मनोज यादव की तरफ से मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया है, लेकिन अभी तक लिखापढ़ी नहीं की है। बारादरी के प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की तलाश कर जेल भिजवाया जाएगा।
50 हजार जमा कर हुई रिहाई
बरेली। थाना इज्जतनगर के बिहारमान नगला निवासी ईंट भट्ठा स्वामी वकील अहमद को कम स्टाम्प लगाने के आरोप में 3 लाख 27 हजार 628 रुपये की एडीएम फाइनेंस कार्यालय से आरसी जारी हो चुकी है। बृहस्पतिवार की सुबह नायब तहसीलदार की अगुवाई वाली टीम उन्हीं को पकड़कर गाड़ी में बैठाकर ला रही थी। रास्ते में उन्होंने बकाएदार सोहनलाल का भी दरवाजा खटखटा दिया। यहां बवाल होने के बाद टीम ने वकील अहमद को बंद कर दिया। शाम को 50 हजार रुपये जमा करने के बाद डीएम के आदेश पर वकील अहमद को रिहा कर दिया गया।