बरेली। बादलों की काली घटा घिरते ही शनिवार देर रात से गुल हुई बिजली दिनभर कई मोहल्लों से मंह मोड़े रही। रिमझिम के बीच लोकल फॉल्ट भी समय से दुरुस्त नहीं किए जा सके। इसके चलते शाहदाना, सुभाष नगर समेत कई मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रही।
शनिवार रात बारिश शुरू होते ही कई जगह फॉल्ट हो गए। काफी देर तक आपूर्ति बहाल न होने पर जब विद्युत उपकेंद्र पर संपर्क किया तो फॉल्ट की जानकारी दी गई। सुबह तक बारिश जारी रहने से फॉल्ट की मरम्मत नहीं की जा सकी।
बिजली आपूर्ति बंद रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यदि घंटों बिजली गुल हो जाए तो व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
मांग कम होने के बाद भी जारी रही कटौती
बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से बिजली की मांग में भी कमी आई। विद्युत निगम के आंकड़ों के मुताबिक जिले में बिजली आपूर्ति की क्षमता करीब 1150 मेगावॉट है। इसके उलट 450 मेगावॉट की ही मांग है। इसके बाद भी रविवार को बारिश रुकने के बाद भी बिजली की आवाजाही बनी रही।
वर्जन
फॉल्ट की सूचना पर तत्काल टीम भेजकर मरम्मत कराई गई। जल्द सभी जगह आपूर्ति बहाल हो जाएगी। बारिश के बाद मांग में भी कमी आई है। - ललित कुमार, अधीक्षण अभियंता शहर