बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग के लिए स्वतंत्रता स्वर्ण जयंती क्रीड़ा स्थल की दो मंजिला इमारत को चुना गया है। विभाग के लिए शिक्षक पहले ही मिल चुके हैं। जल्द ही इमारत भी आवंटित करने का दावा है।
मीडिया सेल के अनुसार कुलपति के आदेश के बाद इस इमारत का चुनाव किया गया है। इसे बीपीएड व एमपीएड जैसे पाठ्यक्रमों की मान्यता के लिए एनसीटीई (नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन) के निरीक्षण के लिए तैयार किया जाएगा। इससे पहले इसकी मरम्मत होनी है।
इस सत्र में यूजीसी की ओर से बैचलर इन फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) डिग्री कोर्स संचालित करने की योजना है। इसके लिए विभाग की ओर प्रस्ताव बनाकर विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया गया है। यदि स्वीकृति मिल जाती है तो इसी सत्र में ये कोर्स शुरू हो जाएगा।
मीडिया सेल की ओर से बताया गया कि ये कोर्स यूजीसी से मान्य है, इसे 12वीं के वाद विद्यार्थी कर सकता है। हालांकि, ये सामान्य स्नातक की तरह है, लेकिन इसके सभी विषय खेल से जुड़े होंगे। इसके पाठ्यक्रम में एनॉटमी, फिजिकल एजुकेशन, फाउंडेशन समेत चार विषय शामिल हैं। यूजीसी के मानकों के अनुसार न्यूनतम चार फैकल्टी की आवश्यकता होगी।
2001 में बना क्रीड़ा स्थल
जिस विभाग में अब शारीरिक शिक्षा विभाग संचालित किया जाएगा, इसका निर्माण करीब 25 साल पहले हुआ था। इस इमारत में स्वतंत्रता स्वर्ण जयंती क्रीड़ा स्थल की स्थापना 15 अगस्त 1998 को हुई। 2001 में कुछ समय के लिए खेल विभाग वहीं, संचालित किया जाता रहा। इसके बाद जब पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम बना तो स्पोर्ट्स कार्यालय इसमें स्थानांतरित कर दिया गया। फिलहाल इमारत में रुविवि के उद्यान विभाग के कर्मचारी अपना सामान रख रहे हैं।