बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में जिस युवक के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, उसी से पीड़िता का निकाह करा दिया गया। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच यह समझौता हुआ है। पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है।
बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में पंचायत ने छेड़खानी के आरोपी से ही युवती का निकाह करा दिया। युवती के परिजनों ने भी इस पर सहमति दे दी। वहीं, पुलिस ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
विज्ञापन
17 सितंबर को कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने पुत्री से छेड़खानी का आरोप लगाकर दो सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। शनिवार को भी पुलिस आरोपियों की दुकान पर पहुंची।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार्रवाई से डरे आरोपी के परिजनों ने समझौते की बात कही। बताया जा रहा है कि इसके बाद ही शनिवार को पंचायत बुलाई गई। यहां युवती के परिजन भी निकाह पर सहमत हो गए। रात अधिक हो जाने की वजह से शनिवार को निकाह नहीं हो पाया। रविवार को सभी रस्में अदा की गईं।