बरेली। किला थाना क्षेत्र में दर्जी एजाज हुसैन की आत्महत्या के मामले में वीडियो रिकार्डिंग सामने आने के बाद चौकी प्रभारी वकार अहमद ने पत्नी-बेटे समेत पत्नी के मामा पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एजाज ने वीडियो बनाकर पत्नी के उसके मामा के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया था। बेटे पर मकान में न घुसने देने का आरोप था।
रविवार सुबह बाकरगंज चौकी क्षेत्र में सिलाई का काम करने वाले एजाज हुसैन ने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। चौकी प्रभारी वकार अहमद ने बताया कि कमरे में एजाज के दो फोन मिले। इनमें से एक फोन में वीडियो मिला है। इसमें एजाज कह रहे हैं कि तुमने मामा के चक्कर में घर बिगाड़कर रख दिया है। अब और बर्दाश्त नहीं हो रहा है। वह जावेद नाम लेकर एक शख्स पर कटाक्ष कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि एजाज ने अपनी पत्नी समेत अन्य परिचितों को वीडियो भेजा भी है। जबकि, आरोप लगाया है कि बेटे ने कमरे में ताला डालकर उनकी पिटाई की। जब परिवार का कोई सदस्य रिपोर्ट लिखाने आगे नहीं आया तो चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने एजाज की पत्नी मैनाज, बेटा दानिश और मामा जावेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ब्यूरो