बरेली। ग्राम पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण में मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी और शेरगढ़ ब्लाकों में बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। तीनों ब्लाकों में पूरे दिन नामांकन कराने के लिए भीड़ उमड़ी रही। प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए बड़ी संख्या में नामांकन कराए गए। वहीं, शुक्रवार को होने वाले नामांकन के लिए इन ब्लाकों में पर्चे भी खरीदे गए।
फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक में बृहस्पतिवार को पहले दिन प्रधान के लिए 526 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 291 पर्चे जमा किए गए। वहीं, ग्राम पंचायत सदस्यों के 823 पदों के लिए 1056 और प्रधानी के 67 पदों के लिए 708 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। कुरतरा के अरविंद सिंह, औंध की सविता सिंह और टिटौली की ममता के नामांकनपत्र परिवर्द्धित वोटर लिस्ट पंचस्थानिक निर्वाचन कार्यालय से न आने के कारण जमा नहीं हो पाए। प्रधानी के यह तीनों दावेदार शाम पांच बजे आरओ डिप्टी डायरेक्टर अल्पसंख्यक कल्याण जगमोहन सिंह से मिले। उन्होंने शुक्रवार शाम तक बढ़ाए गए नामों की मतदाता सूची उपलब्ध न होने पर इंटरनेट पर उपलब्ध सूची के आधार पर ही पर्चे जमा करवा देने का भरोसा दिलाया है। स्थानीय थाने के अलावा अलीगंज, बिशारतगंज थानों की पुलिस फोर्स भी ब्लाक में तैनात रही।
मीरगंज ब्लाक में प्रधानी के 67 पदों के लिए 665 नामांकनपत्र बेचे गए। शाम चार बजे लाइन में लगे सभी दावेदारों के पर्चे देर तक जमा कराए गए। प्रधान पद के 290 और सदस्य पद के 107 दावेदारों ने पहले दिन पर्चे जमा किए। बृहस्पतिवार को पहले दिन ब्लाक परिसर में बनाए गए नामांकन स्थल पर ही नहीं, आसपास और बाजार समेत पूरे कस्बे में भी भारी गहमागहमी रही। दावेदारों के समर्थक ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर पहुंचे। पूरे बाजार में सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियों और चौपहिया वाहन जहां-तहां खड़े थे। नामांकनपत्र भरवाने और बाकी औपचारिकताएं पूरी करवाने के लिए वकीलों ने तहसील के बजाय बाजार में ही काउंटर लगा रखे थे। पूरे दिन लोग नामांकनपत्र भरवाने, नो ड्यूज प्रमाणपत्र अर्जी, एफिडेविट आदि बनवाने के लिए इन काउंटरों पर जुटे रहे।
शेरगढ़ ब्लाक में प्रधान पद के 566 और सदस्य पद के लिए 428 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। प्रधान पद के नामांकन के लिए 18 टेबिल लगाई गई थीं। महिला उम्मदवारों ने अपने पति के सहारे पर्चे दाखिल किए। आरओ वीरसिंह ने बताया कि छोटी-मोटी त्रुटियों की वजह से कोई भी पर्चा निरस्त नहीं किया जाएगा। आयोग के ऐसे निर्देश हैं। चुनाव व्यवस्था की निगरानी के लिए उपजिलाधिकारी पारसनाथ मौर्य और बीडीओ रामायण सिंह यादव लगे रहे।
प्रधानी के 16, सदस्य के 45 पर्चे निरस्त
बहेड़ी। ब्लाक में नामांकन पत्रों की जांच में प्रधानी के 16 नामांकन निरस्त कर दिए गए। अब 1058 प्रत्याशी मैदान में हैं, वहीं सदस्य पद के लिए करीब 45 नामांकन पत्र निरस्त किये गये। अब 1382 प्रत्याशी मैदान में हैं। आरओ राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को नाम वापसी व चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा।