बरेली। कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल की ओर से विद्यार्थियों की 75 फीसदी उपस्थिति होने पर परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलने का निर्देश दिया गया है। इसके उलट धरातल पर हाल बुरा है। 15 जुलाई से नया सत्र शुरू होने के बाद से अब तक बरेली कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों में पढ़ाई पटरी पर नहीं आ पाई है।
बरेली कॉलेज में कई विभागों ने अभी तक टाइम टेबल तक नहीं बनाया है। जहां टाइम टेबल बन भी गया है, वहां उसे कक्षाओं के बाहर लगाया नहीं गया है। इस अव्यवस्था के कारण विद्यार्थी असमंजस में हैं, जिससे उनका पाठ्यक्रम लगातार पिछड़ रहा है।
कुलाधिपति कार्यालय से आए पत्र में यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि विद्यार्थियों को नोटिस जारी करके 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम से अवगत कराया जाए। इसके साथ ही, बायोमीट्रिक प्रणाली से हाजिरी लगाने और सीसी कैमरे लगाने के सुझाव भी दिए गए हैं, ताकि नियम का सही से पालन हो सके। लेकिन अभी तक इन निर्देशों पर अमल नहीं हो पाया है। संवाद