बरेली। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पर अमर उजाला के अभिनव अभियान ''''मां तुझे प्रणाम'''' के तहत शनिवार को सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। सुबह ठीक दस बजे नगर निगम के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सायरन गूंजा तो जो जहां था, वहीं ठहर गया। 52 सेकंड के लिए पूरा शहर थम गया। अमर उजाला की इस मुहिम से जुड़कर हजारों लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाया। फिर मां भारती के जयकारे गूंजे तो वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
सामूहिक राष्ट्रगान का मुख्य कार्यक्रम चौकी चौराहा स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल में हुआ। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के साथ चारों धर्मगुरु पंडित सुशील पाठक, मौलाना असलम मियां वामिकी, बिशप डॉ. विलियम सैमुअल, ज्ञानी काले सिंह ने ध्वजारोहण किया।
भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारों से मॉल परिसर गूंजता रहा। राजस्थानी नृत्य और टुगेदर बैंड की प्रस्तुति ने देशभक्ति का अहसास कराया। यहां शहर के प्रमुख व्यापारी, उद्यमी, जनप्रतिनिधि, इनरव्हील, रोटरी क्लब, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
यहां गूंजा राष्ट्रगान
मलूकपुर चौकी, बरेली कॉलेज गेट, गांधी उद्यान, पुराना बस अड्डा, बिहारीपुर पुलिस चौकी, कोहाड़ापीर तिराहा, सेटेलाइट बस अड्डा, कोर्ट गेट, वीरांगना चौक, कारगिल चौक, किला क्रॉसिंग, धर्मकांटा, गणेशनगर, श्यामगंज चौराहा, नगर निगम, सिटी सब्जी मंडी, अलखनाथ मंदिर, ईंट पजाया चौराहा, शील चौराहा, सेलेक्शन प्वाइंट चौराहा, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा रोड, कुतुबखाना चौक, कलक्ट्रेट चौराहा समेत 22 जगहों पर राष्ट्रगान गूंजा। हजारों लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाया और एकता का संदेश दिया।