रमजान रहमतों की बारिश का महीना
रमजानुल मुबारक शुरू होने को है। इस सिलसिले में शहरभर की मस्जिदों में शुक्रवार को जुमे की नमाज से पहले इमामों की तकरीरें हुई। इसमें रमजान की फजीलत और बरकतों के बारे में नमाजियों को बताया गया। कोतवाली स्थित मोती मस्जिद में हाफिज चांद खान ने कहा कि रमजान रहमतों और बरकतों की बारिश का महीना है। इस महीने में इबादत का सवाब 70 गुना ज्यादा मिलता है, इसलिए 30 रोजे रखें और पांच वक्त की नमाजें पढें। वैसे तो अपनी जिंदगी में हर दिन नमाज पढ़ना जरूर है।
उन्होंने कहा कि नमाज हर बुराई से दूर रखती है और नमाजी की दुआ अल्लाह कुबूल करता हैं। इसी तरह जामा मस्जिद, दरगाह आला हजरत, मस्जिद नौमहला सहित तमाम मस्जिदों में भी रमजान के सिलसिलें में तकरीरें की गईं।
बरेली हज सेवा समिति के पम्मी खां वारसी ने बताया कि नौमहला स्थित दरगाह नासरी में 120 साल से इफ्तारी दस्तरख्वान रोजदारों के लिए लगाया जाता है। दरगाह नासिर मियां के सज्जादानशीन ख्वाजा सुल्तान अहमद नासिरी साबरी की ओर से 30 रमजान तक रोजा इफ्तार जारी रहेगा। इसके अलावा उन्होंने नगर निगम से साफ सफाई और जर्जर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।