बरेली। बहेड़ी थाने में मुकदमा लिखाने वाली महिला को फोन कर साइबर ठगों ने 2500 रुपये की ठगी कर ली। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
श्यामगंज निवासी हिना ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि उन्होंने बहेड़ी थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। आठ अक्तूबर को हिना के नंबर पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बहेड़ी पुलिस का कर्मचारी शशि यादव बताया। कहा कि उनके मामले में दबिश व गिरफ्तारी आदि की जानी है। आप अभी खर्चे के 2500 रुपये हमारे नंबर पर डाल दीजिए। हिना ने बताया कि कॉल करने वाले को पुलिसकर्मी समझकर उन्होंने प्रयास तो किया, लेकिन संबंधित नंबर पर रुपये नहीं भेज सकीं। तब दूसरी ओर से एक क्यूआर कोड देकर उस पर रुपये भेजने के लिए कहा। हिना ने उस पर 2500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हिना ने बताया कि रुपये ट्रांसफर होने के बाद शशि यादव का नंबर बंद हो गया। बाद में उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। ब्यूरो