बरेली। राजेंद्र नगर स्थित चंद्रकांति अस्पताल में आशा कार्यकर्ता के शव से गहने गायब होने का मामला शासन तक पहुंच गया है। शासन ने टीम गठित कर प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। टीम जल्द बरेली आएगी।
निजी अस्पताल नर्सिंग होम के नोडल डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी के मुताबिक, बुधवार को अस्पताल का निरीक्षण पर आशा कार्यकर्ता के भर्ती होने, गहने, इलाज आदि के संबंध में पूछताछ की थी। कई बिंदुओं पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर संचालक को दस्तावेजों के साथ तलब किया था।
बृहस्पतिवार को संचालक कार्यालय आए लेकिन सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग मोबाइल में दिखा रहे थे, जो स्पष्ट नहीं थी। इसलिए संचालक को पैन ड्राइव में पूरी रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। जांच पूरी कर जल्द रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी।
बता दें कि सोमवार को फतेहगंज पूर्वी के कुंवरपुर दानपुर की आशा कार्यकर्ता सुनीता देवी (36) सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गई थीं। एंबुलेंस चालक इलाज के लिए 40 किमी दूर स्थित राजेंद्र नगर स्थित चंद्रकांति अस्पताल ले आया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब उन्हें शव सौंपा गया तो गहने गायब थे। उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर गहने चोरी करने का आरोप लगाकर संबंधित फोटो सीएमओ को सौंपे थे। ब्यूरो