राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं को जागरूक करते एसएसपी व अन्य पुलिस अधिकारी। स्रोत- पुलिस
बदायूं। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी और सिटी मजिस्ट्रेट सुरेशपाल ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन मनोज कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्योति सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए बताया कि यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एंबुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 शामिल हैं। साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराधों और महिला अधिकारों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।