बरेली। आयकर रिटर्न भरने के लिए सोमवार को आखिरी दिन होने की वजह से करदाता सुबह से ही सलाहकारों के पास पहुंच गए, लेकिन दिनभर वेबसाइट नहीं चली। फार्म डाउनलोड होने की दिक्कत के चलते सैंकड़ों लोग रिटर्न नहीं भर सके। आयकर बार एसोसिएशन ने तिथि बढ़ाने की मांग की है।
आयकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा चावला के मुताबिक आखिरी तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही थी, पोर्टल पर दबाव बढ़ने से वेबसाइट हैंग होने लगी थी। पेनॉल्टी से बचने के लिए रविवार को देर रात तक करदाता रिटर्न दाखिल करने के लिए पोर्टल पर डटे रहे। सोमवार को भी सुबह जल्दी उठकर ऑनलाइन आ गए, पर अंतिम दिन होने से पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा था।
जीएसटी सलाहकार एडवोकेट आशीष सक्सेना के मुताबिक 26-एएस, एनुअल इन्फाॅर्मेशन स्टेटमेंट (एआईएस), टैक्सपेयर इंफॉर्मेशन समरी (टीआईएस) पोर्टल से डाउनलोड होने में दिक्कत रही। लिहाजा, सैकड़ों लोगों का रिटर्न फाइल नहीं हो सका। रिटर्न भरने की तिथि बढ़ाने की गुजारिश है, ताकि करदाता टैक्स पेनॉल्टी से राहत पा सकें।
जिले में अनुमानित तीन लाख लोग भरते हैं आईटीआर
आयकर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के मुताबिक जिले में तीन लाख से ज्यादा लोग आईटीआर भरते हैं। इसमें करीब दो लाख से ज्यादा लोग ऐसे हैं जो करदाता की श्रेणी में नहीं आते। करीब 80 हजार करदाता जिले में हैं। इसमें से करीब 10-15 फीसदी करदाता आयकर रिटर्न दाखिल नहीं कर सके। ब्यूरो