फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: नन्हें कदमों से रफ्तार पकड़ रहा स्केटिंग का सफर

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर में स्केटिंग का खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। मैदान में रंग-बिरंगे हेलमेट और स्केट्स पहने खिलाड़ियों की कतारें इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता की गवाही देती हैं। हर दिन यहां करीब 20 बच्चे स्केटिंग सीखने आते हैं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खेल में नई उड़ान भर रहे हैं। खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों में से कई कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
विज्ञापन


मॉडल टाउन निवासी आठ वर्षीय नक्श ने स्केटिंग की शुरुआत करीब डेढ़ साल पहले की थी। उनकी मां ने बताया कि नक्श का झुकाव इस खेल की ओर तब हुआ, जब उन्होंने अपनी बहनों को स्केटिंग करते देखा। उन्हें यह खेल आकर्षक लगा और फिर उन्होंने स्टेडियम में जाकर नियमित प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया। प्रशिक्षकों की देखरेख में नक्श ने कठिन अभ्यास किया। वह वर्ष 2023 में हुई ओपन रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में चार पदक जीत चुके हैं।

वीडियो देखकर आया खेल में रुझान
नौ वर्षीय रितेश केशवानी मॉडल टाउन में रहते हैं और पिछले एक साल से स्केटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। रितेश की स्केटिंग में रुचि फोन पर वीडियो देखने के बाद शुरू हुई। उन्होंने वीडियो में जब स्केटर्स को तेजी और लय के साथ चलते देखा, तो वह इस खेल की ओर आकर्षित हो गए। इसके बाद उन्होंने स्टेडियम में नियमित अभ्यास शुरू कर दिया। उन्होंने मात्र एक साल में ही जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। वह वर्ष 2024 में आगरा में आयोजित रन ऑन वील्स 2.0 मैराथॉन मेंतीन किमी, पांच किमी, 10 किमी और 21 किमी की दूरी तय कर चुके हैं।
विज्ञापन


छह वर्ष के शुभ्र स्थापित कर चुके हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड
महानगर निवासी शुभ्र चंद्रा मात्र छह वर्ष के हैं, लेकिन स्केटिंग की दुनिया में उन्होंने चार साल की उम्र से ही कदम रख दिया था। उनके माता-पिता बताते हैं कि एक दिन शुभ्र ने मोबाइल पर स्केटिंग का वीडियो देखा और तभी से उनका रुझान इस खेल की ओर हो गया। परिजनों ने उन्हें स्टेडियम में प्रशिक्षण दिलाना शुरू किया। वह घर पर भी लगातार अभ्यास करते हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित हुई राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके साथ ही, वह पूरी टीम के साथ 76वें स्वतंत्रता दिवस पर 76 मिनट तक स्केटिंग कर वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें