क्योलड़िया। पांच दिन पहले प्रेमी के साथ घर से गई युवती ने अब विवेचक पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कहा कि विवेचक ने उसे धमकी दी कि अगर वह बयान नहीं बदलेगी तो उसके पिता को जेल भेज दिया जाएगा। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई है।
परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी किसी युवक के साथ चली गई थी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। सोमवार को बेटी सकुशल घर आ गई। एसएसपी को दिए शिकायतीपत्र में युवती ने बताया कि मंगलवार को बयान लेने दरोगा अपनी निजी गाड़ी से बिना महिला आरक्षी के ही पहुंच गए। उन्होंने घर से ले जाने की कोशिश की। परिजनों के विरोध पर लौट गए।
अब विवेचक उसे परेशान कर रहे हैं। बंद कमरे में विवेचक ने बयान बदलने का दबाव बनाया। कहा कि ऐसा न करने पर तुम्हे व तुम्हारे पिता को जेल भेज दूंगा। परिवार वालों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। मामले में प्रभारी निरीक्षक राजबली सिंह ने कोई शिकायत न मिलने की बात कही है। उन्होंने बताया कि शिकायत आती है तो विवेचक की भूमिका की जांच कराई जाएगी।