बरेली। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में आए दिन हो रहे हंगामे के बाद अब ओपीडी के कक्ष संख्या तीन से जांच रिपोर्ट दी जाएगी, ताकि खून व अन्य सैंपल देने आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो। संबंधित दिशा-निर्देश के बाबत पैथोलॉजी कक्ष के बाहर पर्चा चस्पा किया है।
सोमवार को बच्चे की जांच कराने पहुंची महिला ने समय से पहले पैथोलॉजी कक्ष बंद होने का आरोप लगाकर हंगामा किया था। मंगलवार को एक युवक कतार के बीच से गुजरकर कक्ष में प्रवेश कर रहा था। इस दौरान स्टाफ से धक्कामुक्की हुई थी। दोनों माामलों पर प्रभारी एडी एसआईसी ने डॉक्टरों के साथ मंथन किया। पर्चा और सैंपल देने की व्यवस्था एक ही कक्ष में होने से कतार लगने और फिर बेवजह देरी होने की बात सामने आई। लिहाजा, बृहस्पतिवार से कक्ष संख्या तीन से रिपोर्ट देने की व्यवस्था की गई है। पैथोलॉजी में सिर्फ सैंपलिंग होगी। इससे कतार कम होने की उम्मीद है। ब्यूरो