बरेली। होली के दौरान स्थगित भट्ठों की जांच अब फिर शुरू हो गई है। भट्ठों पर ईंट उत्पादन के सत्यापन के लिए सभी जिलों में गठित टीम सक्रिय होने के निर्देश जीएसटी अपर आयुक्त ग्रेड-1 दिनेश कुमार मिश्र ने दिए हैं। संचालकों से नियमानुसार जीएसटी जमा करने के लिए कहा है।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 का कहना है कि पूर्व में जब वैट लिया जाता था, उस दौरान जमा वैट के सापेक्ष वर्तमान में जमा हो रही जीएसटी कई गुना कम है। जबकि तब से अब तक ईंटों की दर प्रति हजार करीब दो गुना हो गई है। उत्पादन के सापेक्ष बाजार भाव का मिलान किया गया तो पता चला कि भट्ठों की ओर से कम टैक्स मिल रहा है। टैक्स चोरी कर रहे संचालकों की सूची तैयार है। होली अब बीत चुकी है। इसलिए विभाग की सभी टीमों को करापवंचक भट्ठा व्यापारियों की नियमित जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जहां कर चोरी मिलेगी, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो