बरेली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन की ओर से बुधवार को 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा शहर के 22 केंद्रों पर हुई। परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों की मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। उनका कहना था कि प्रश्नपत्र आसान था, लेकिन बहुविकल्पीय प्रश्नों ने थोड़ा समय लिया। परीक्षा में पंजीकृत 2032 परीक्षार्थियों में से 2012 ने ही परीक्षा दी और 20 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा देकर आए विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर का स्तर सामान्य होने के कारण सभी प्रश्नों को समय से पहले ही हल कर लिया है। उन्होंने बताया कि पहले से की गई तैयारी का फायदा मिला और अच्छे अंक हासिल करने की भी उम्मीद जताई। वहीं दूसरी ओर कुछ छात्र-छात्राओं को बहुविकल्पीय प्रश्न कठिन लगे। कुछ प्रश्नों के लिए अधिक प्रयास और समय की आवश्यकता भी लगी। इस कारण कुछ के लिए परीक्षा चुनौतीपूर्ण रहा। इसमें सैद्धांतिक प्रश्न सीधे और अनुप्रयोग आधारित सवालों ने थोड़ा परेशान भी किया, लेकिन कुल मिलाकर परीक्षा सामान्य रही। संवाद
- परीक्षा का स्तर सरल रहा इस कारण पेपर समय से पहले ही पूरा हो गया। कुछ साथियों को परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों में परेशानी हुई। - सुदंरम
- पेपर सामान्य रहा, लेकिन कुछ प्रश्नों ने काफी देर तक फंसाए रखा। अंत तक सभी सवालों को हल कर लिया। - फाजिल
- परीक्षा में अधिकांश सवाल पढ़े हुए आए थे। इस कारण उन्हें हल करने में परेशानी नहीं हुई। अच्छी तैयारी का ही फल मिला। - सोनम
- प्रश्नपत्र सरल था। केस स्टडी के सवाल और बहुविकल्पीय प्रश्नों ने खासा परेशान किया, लेकिन फिर भी 15 मिनट पहले ही सवाल हल हो गए। - शिफा