बिशारतगंज। थाना क्षेत्र के ढकौरा गांव में खेल रहे बच्चों के रेत फैलाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में एक महिला बेहोश हो गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी बेहोश महिला को थाने ले जाने की सलाह देकर लौट गई। इस तरह पुलिस मामले को टाल-मटोल करती रही।
गांव ढकौरा निवासी गोपाल लोधी ने बताया कि सोमवार शाम उनका बालक पड़ोस में खेल रहा था। बालक ने वहां पड़े पड़ोसी के रेत को फैला दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत हो गया। गोपाल का आरोप है कि मंगलवार सुबह पत्नी घर पर अकेली थी। तभी पड़ोसियों ने हमला कर बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। सूचना पर पीआरवी पहुंची। थाने ले जाने को कहा। पति बेहोश पत्नी को थाने लेकर आया तो पुलिस ने उसको घर जाने की सलाह देकर बैरंग लौटा दिया। पीड़ित पत्नी को लेकर सीओ आंवला के पास पहुंचा, लेकिन वहां से पुनः थाने जाने की सलाह दी गई। पीड़ित दोबारा थाने पहुंचा तो पुलिस ने फिर से लौटा दिया। चक्कर काटकर परेशान पति पत्नी का लेकर मझगवां सीएचसी पहुंचा, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हलका इंचार्ज एसआई हेमंत ने बताया कि गांव जाकर जांच की तो ग्रामीणों में बताया कि मामूली कहासुनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सीओ का फोन आया था, लेकिन महिला दोबारा थाने नहीं आई। संवाद