कंघीटोला की तंग गली में कूलर की घास के कारोबारी के घर में शार्ट सर्किट से लगी आग
बरेली। रविवार रात किला थाने के कंघीटोला की तंग गली में स्थित कूलर की घास का कारोबार करने वाले शख्स के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दम घुटने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई तो उसकी चाची की हालत गंभीर है। दमकल टीम ने मां-बेटी को दीवार तोड़कर घर से निकाला।
नूरी मस्जिद के पास रहने वाले आफताब खां उर्फ पप्पू और उनके भाई आसिफ कूलर की घास का कारोबार करते हैं। दोनों का संयुक्त घर है। घर में नीचे घास रखी जाती है और छत पर इनका परिवार रहता है। रविवार रात साढ़े सात बजे आफताब की पत्नी शहाना, आसिफ की तीन साल की बेटी पलक और आफताब के तीसरे भाई राजू का पांच साल का बेटा नाफिल छत पर कमरे में थे। परिवार के मुताबिक शार्ट सर्किट से नीचे रखी कूलर की घास में आग लगी जो तेजी से भड़क गई। घटना के वक्त नाफिल जीने में ही था और वह चिल्लाता हुआ घर से भाग निकला। आग इतनी भीषण थी कि शहाना और भतीजी पलक छत पर ही फंस गईं। शहाना ने मोबाइल पर कॉल करके पति को सूचना दी। लपटें और धुआं देख आसपास के लोग भी बाल्टियों में पानी भरकर दौड़ पड़े। थोड़ी देर में फायरब्रिगेड आ गई। टीम ने पड़ोसी की दीवार तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। तब तक दोनों बेहोश हो चुकी थीं। निजी अस्पताल में बच्ची को दम घुटने से मृत बता दिया गया, शहाना को आईसीयू में भर्ती किया गया है। सीओ टू ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।