फतेहगंज पूर्वी। गांव टिसुआ में पशुपति विनयर प्लाईवुड फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड ने फैक्टरी से लकड़ी चोरी की। इसमें लकड़ी के टाल मालिक और एक पिकअप स्वामी की मिलीभगत रही। चोरी की हुई लकड़ी को टाल मालिक दोबारा फैक्टरी को ही बेच देता था।
फैक्टरी के मालिक रोशन अग्रवाल की ओर से प्रबंधक अर्जुन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फरीदपुर के सिसैया निवासी पिकअप चालक हर्ष प्रताप शनिवार सुबह गाड़ी में लकड़ी लादकर फैक्टरी आया। लकड़ी देखकर फैक्टरी के लोगों को शक हुआ। उन्होंने इकठ्ठा की गई लकड़ी देखी तो कुछ गायब थी। पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि इसमें फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड श्रीकृष्ण (फरीदपुर के सुखदेवपुर निवासी) और लकड़ी की टाल का मालिक इरफान (टिसुआ निवासी) की मिलीभगत है। फैक्टरी से 1,000 क्विंटल लकड़ी चोरी करने के आरोप में तीनों आरोपियों को नामजद किया गया है।