फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: अल्ट्रासाउंड कक्ष में महिला से अश्लीलता का आरोप

Sun, 02 Aug 2026 01:14 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
नवाबगंज। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। एक महिला ने नवाबगंज के चिकित्सक पर अल्ट्रासाउंड कक्ष में अश्लीलता करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इसपर डीएम ने चिकित्सा अधीक्षक और पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दर्ज की गईं 304 शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विज्ञापन

नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की महिला ने डीएम को बताया कि नगर के बाइपास मार्ग स्थित अस्पताल में चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड कक्ष में अश्लीलता की। विरोध करने पर चिकित्सक ने गाली-गलौज भी की। उन्होंने पति को आपबीती बताई। इसपर डीएम ने नवाबगंज सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक अमित गंगवार और पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम के साथ अस्पताल जाकर मामले की जांच की जाएगी।
वहीं, आरोपी चिकित्सक ने आरोपों का खंडन किया है। चिकित्सक ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में महिला स्टाफ मौजूद रहता है। महिला का पति भी कक्ष के बाहर बैठा था। बताया कि दो मिनट में अल्ट्रासाउंड हो जाता है। इस दौरान छेड़खानी संभव नहीं है। समाधान दिवस में मिलीं दर्ज हुईं 302 में से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम सचिन यादव, सीएमओ विश्राम सिंह, सीओ देवेश सिंह, खंड विकास अधिकारी महेशचंद्र, नायब तहसीलदार शुभम पांडेय, इंस्पेक्टर अरुण कुमार, वेद सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

अन्य शिकायतें
छेदालाल गंगवार ने मुरारपुर प्रेमपुर और हरहरपुर मटकली के बीच सड़क निर्माण की मांग की। इसपर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक्सईन को जांच के आदेश दिए गए। रिछोला किफयातुल्ला गांव के बाशिंदों ने शिव मंदिर के पास नाला न होने से जलभराव की समस्या बताई, जिसके लिए खंड विकास अधिकारी को समाधान करने के निर्देश दिए गए। मुड़िया भीकमपुर निवासी विधवा शकुंतला ने तहसील कर्मचारी बताकर 1,500 रुपये ठगने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार अभिषेक तिवारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
कांवड़ यात्रा विश्राम स्थल किया उद्घाटन
लौटने के दौरान बरेली-पीलीभीत हाईवे पर कृषि उप मंडी स्थल पर कांवड़ यात्रा विश्राम स्थल का उद्घाटन किया गया। डीएम के अलावा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने फीता काटा। यह स्थल तहसील प्रशासन और नगरपालिका परिषद की ओर से बनाया गया है। जिलाधिकारी ने शिवलिंग की पूजा-अर्चना की। इसके बाद छात्राओं ने भक्ति गीत गाए। एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का स्वागत किया।
32 में से पांच शिकायतों का ही हुआ निस्तारण
मीरगंज। तहसील सभागार में एसडीएम निधि शुक्ला और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनीं। दर्ज की गईं 32 में से पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। इनमें राजस्व विभाग की 10, पुलिस की नौ और आपूर्ति विभाग की आठ शिकायतें मिलीं। चकबंदी की दो, ग्राम विकास की एक, बिजली की एक और शिक्षा विभाग की एक शिकायत भी शामिल रही। एसडीएम ने अधिकारियों को लंबित मामलों की मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। संवाद

बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठा
बहेड़ी। तहसील सभागार में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। किसानों ने चीनी मिल पर करीब 161 करोड़ रुपये बकाया होने की बात कहते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की। एसडीएम गोपाल शर्मा से 25 शिकायतें की गईं, जिनमें से चार का निस्तारण किया गया। शेष के निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इस दौरान तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह, ईओ शशि प्रभा चौधरी आदि मौजूद रहे। संवाद

32 में से तीन शिकायतें ही निस्तारित
आंवला। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 32 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से तीन शिकायतों का ही निस्तारण किया गया। 11 शिकायतें राजस्व संबंधी रहीं। धर्मवती ने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया। भारतीय मजदूर संघ के अकबर अली ने फर्जी मुकदमे की जांच की मांग की। ओमप्रकाश ने 32 हजार रुपये मजदूरी न मिलने की शिकायत की। संवाद

एडीएम ने 52 में से छह शिकायतों का किया निस्तारण
फरीदपुर। तहसील सभागार में एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। दर्ज की गईं 52 में से छह शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हुआ। शेष के निस्तारण के लिए एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम विदुषी सिंह, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, नायब तहसीलदार अजय सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें