दूल्हे के इंतजार में खड़ी रह गई गाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
घंटों इंतजार के बाद भी बरात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष ने नवाबगंज थाने में दी तहरीर
नवाबगंज। बरात की निकरौसी के वक्त दूल्हा प्याज लाने के बहाने घर से भाग गया। इसके बाद लौटकर ही नहीं आया। काफी देर इंतजार के बाद घरवालों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उधर, दुल्हन पक्ष के लोग बरात आने का इंतजार करते रहे। जब तय समय के कई घंटे बाद भी बरात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने नवाबगंज थाने में तहरीर दे दी।
नवाबगंज कस्बे की एक युवती की शादी पड़ोस के ही गांव के युवक से तय हुई थी। सोमवार को बरात आनी थी। इसकी सारी तैयारियां हो गई थीं। बैंडबाजे और बग्घी वाले दूल्हे के दरवाजे पर पहुंच चुके थे। बराती भी सजधज कर तैयार हो चुके थे। बरात की निकरौसी का वक्त आया तो दूल्हा प्याज लाने के बहाने घर से निकल गया और फिर नहीं लौटा। काफी देर इंतजार के बाद भी दूल्हा नहीं आया तो घर वालों ने उससे मोबाइल पर संपर्क करना चाहा, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद दूल्हे की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उधर, दुल्हन के घर बरात के स्वागत की सारी तैयारियां हो चुकी थीं। तय समय के कई घंटे बाद भी बरात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के घरवालों को फोन किया, लेकिन उन्होंने कुछ देर में बरात पहुंचने की बात कहकर टाल दिया। इसके बाद भी बरात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष की ओर से नवाबगंज थाने में तहरीर दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।