तीसरा फरार, बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज
बरेली। युवती के फोन नंबर पर कॉल कर उसे परेशान करने वाले दो शोहदों को परिवार ने खुद पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इनका एक साथी फरार हो गया। बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती के फोन पर अनजान नंबर से काॅल कर शोहदा बात करने के लिए कहता था। युवती ने परेशान होकर परिजनों को बताया। परिजनों ने युवती का मोबाइल स्विच ऑफ करा दिया। कुछ महीनों बाद फोन ऑन किया तो शोहदा दोबारा कॉल करने लगा। परिजनों से भी अभद्रता करने लगे। रविवार को शोहदे ने कॉल की तो मोबाइल युवती के पिता के पास था। पहले शोहदे ने कहा कि अपनी बेटी से बात करवा दो। पिता ने नाराजगी जताई तो कहा कि तुम्हारे गांव के पास खड़े हैं, आ जाओ। इस पर युवती के परिजन ग्रामीणों को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए तो वहां बाइक लेकर तीन युवक खड़े थे। परिजनों ने भुता कोहनी निवासी नजरुल और आसिफ को पकड़ लिया। इनका साथी साबू फरार गया। पुलिस को बुलाकर दोनों को सौंप दिया। बिथरी चैनपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अमर उजाला ब्यूरो