बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हमला करने के आरोपी चारों शूटर 10 सितंबर को ही शहर में आ गए थे। इनमें सरगना रविंद्र पुराने बस अड्डे के पास तो बाकी तीन जंक्शन के पास होटलों में रुके थे। इन्होंने दिनभर रेकी की थी। पुलिस दो अन्य शूटरों की तलाश कर रही है।
बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद बाकी दो आरोपी दिल्ली पुलिस व यूपी एसटीएफ के रडार पर हैं। बरेली पुलिस की पड़ताल में पता लगा है कि चारों शूटर दो बाइकों से 10 सितंबर को ही बरेली आ गए थे। उस दिन स्पलेंडर बाइक सुबह 6:48 बजे झुमका चौराहे पर दिखी। फिर सुबह 7:15 बजे जंक्शन रोड के हिंद गेस्ट हाउस में तीन शूटरों ने एंट्री की। इनमें अरुण के साथ विजय तोमर व नकुल शामिल थे। यह होटल दिशा पाटनी के घर से महज आधा किमी दूर है।
इसी दिन सुबह 9:48 बजे रविंद्र ने पुराने बस अड्डे से सटे प्रीत पैलेस होटल में एंट्री की। उसने यहां सागर के नाम से आईडी दी। ये होटल पाटनी के घर से एक किमी के दायरे में है। दोनों ही होटलों में ये लोग बंद होकर नहीं रहे। वे बाहर निकले और तौलिया व सिगरेट जैसी चीजें खरीदीं। रविंद्र का चेहरा पूरे समय खुला रहा। होटल की सीढि़यों पर कर्मचारी से तौलिया लेते भी वह कैद हुआ। यही फुटेज पुलिस के काम आई। अगले दिन करीब 11 बजे दोनों होटलों के कमरों से शूटरों ने चेकआउट किया था। ब्यूरो