The forest department team did not get the location of the leopard
मीरगंज/दुनका। मीरगंज इलाके के रामगंगा खादर के गांव कपूरपुर के जंगल में तेंदुआ देखे जाने पर वन विभाग की टीम रविवार को गांव पहुंची। ग्रामीणों के साथ खेतों में कांबिंग की, लेकिन टीम को तेंदुए की लोकेशन नहीं मिली और न ही उसके पगचिह्न दिखे। हालांकि शुक्रवार रात तेंदुआ को जंगल में देखा गया था।
शुक्रवार रात कपूरपुर निवासी जितेंद्र सिंह की कार के सामने अचानक गांव के जंगल के पास तेंदुआ आ गया था। उन्होंने कार में बैठे-बैठे तेंदुए की वीडियो बनाई थी, इसे उन्होंने ग्रामीणों को दिखाया था। ग्रामीणों की सूचना पर शनिवार दोपहर रेंजर संतोष सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे थे और तेंदुए की तलाश में ग्रामीणों के साथ कांबिंग की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रविवार फिर वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर तेंदुए की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला और न ही उसके पगचिह्न देखे गए। रेंजर ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। साथ ही उनसे समूह में जंगल की ओर जाने को कहा है।