हुलासनगरा क्रासिंग पर हाइटगेज में ट्रक फंसने के कारण लगा नैशनल हाइवे पर जाम।
- फोटो : BAREILLY
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे पर शनिवार को सुबह से शाम तक जाम लगने के बाद आधी रात के बाद कुछ राहत मिली ही थी कि रविवार सुबह हुलासनगरा क्रॉसिंग के ओवरहाइट गेज बैरियर पर शाहजहांपुर से बरेली की ओर मटर की बोरियां लाद कर जा रहा ट्रक फंस गया। इससे हाईवे पर फिर जाम लग गया। इसके बाद ट्रक से बोरियां उतारकर उसे क्रॉसिंग से निकाला गया तब जाकर वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका।
रविवार सुबह शाहजहांपुर की ओर से मटर की बोरियां भरकर ओवरलोड ट्रक बरेली की ओर जा रहा था। ट्रक क्रासिंग पर पहुंचा तो ओवरहाइट गेज बैरियर में फंस गया। इससेे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हुलासनगरा चौकी पुलिस ने मीरानपुर कटरा की तरफ से आने वाले वाहनों को रोककर फाटक बंद करवाया। ओवरहाइट गेज बैरियर में फंसे ट्रक से बोरियां उतरवाकर करीब बीस मिनट के बाद उसे निकाला गया। तब तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम मीरानपुर कटरा की तरफ तीन किलोमीटर और फतेहगंज पूर्वी की तरफ चार किलोमीटर तक पहुंच गया। जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही। बमुश्किल पुलिस ने एंबुलेंसों को जाम से निकलवाया। इस बीच बहगुल पुल के पास ट्रक का टायर फटने से जाम और भीषण हो गया। इसके बाद पुलिस ने कुछ वाहनों को कसरक और जैतीपुर संपर्क मार्ग पर डायवर्ट कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसके बाद जाम से कुछ राहत मिल पाई, मगर शाम तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। पुलिस ने आधी रात बाद जाम से राहत की उम्मीद जताई है।