बरेली। हापुड़ के एसपी अभिषेक वर्मा को धमकाने वाला हिस्ट्रीशीटर रोहित सक्सेना किसी वक्त पढ़ाई में अव्वल था। बीटेक में टॉप कर उसने इंजीनियर की नौकरी की, पर बाद में उसकी हरकतों ने परिवार को शर्मसार कर दिया। रुड़की की एअर होस्टेस को उसने अश्लील मेसेज भेजने के साथ ही सात सौ नंबरों से कॉल की थी। उसके घरवाले इतने आहत हैं कि एक बार वे खुद उसे गिरफ्तार करा चुके हैं।
हिस्ट्रीशीटर रोहित का मिजाज कुछ अलग है। वह घर में बाहर से ताला लगवाकर रखता है और बाहर सीसीटीवी कैमरा गेट की ओर रहता है। वह पहले भी कई लड़कियों और अधिकारियों से फोन पर अभद्रता कर चुका है। एअर होस्टेस के मामले की जांच में पता लगा कि वह राह चलते लोगों व फड़-ठेले वालों से मोबाइल मांगकर उसको मेसेज और कॉल करता था। रुड़की पुलिस उसके घर पर कुर्की वारंट लेकर पहुंची तो रोहित के घरवालों ने ही उसे पकड़वा दिया था।
मुरादाबाद के पाकबाड़ा क्षेत्र की छात्रा से भी रोहित ने छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने रोहित को जेल भेज दिया था। जेल से छूटने के बाद वह पाकबाड़ा थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से फोन पर अभद्रता करने लगा। इसके बाद पाकबाड़ा थाने में रोहित पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा शहर के अधिकारियों को भी वह कॉल कर परेशान कर चुका है।
उसकी इन हरकतों से उसके घरवाले भी परेशान रहते हैं। रोहित के खिलाफ उत्तराखंड और यूपी के कई थानों में आईटी एक्ट, दुष्कर्म, धमकी देने के मामले दर्ज हैं। एसपी से रंगदारी मांगने वाले रोहित से हापुड़ पुलिस पूछताछ कर रही है।