पड़ोस में रहने वाले युवक से पांच जुलाई को किया था प्र्रेम विवाह
विज्ञापन
पुलिस ने युवती को बरामद कर, तीन आरोपी हिरासत में लिए
बरेली। घर से भागकर भुता के गांव केसरपुर निवासी पिंकी ने प्रेम विवाह कर लिया। सूचना मिलने पर पहुंचा भाई संतोष उसे बातों में फंसाकर अपहरण करके ले जाने की कोशिश कर रहा था। पिंकी की चीखपुकार सुनकर पहुंचे उसके प्र्रेमी चंद्रकेश के तहेरे भाई को आरोपियों ने गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने युवती को बरामद कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
बारादरी की गोसाईं गौंटिया में रहने वाले चंद्रकेश दस साल से यहां रहते हैं। भुता के गांव केसरपुर गूंगा निवासी पिंकी का परिवार भी तीन साल पहले गोसाई गौंटिया में ही किराये पर रहने लगा। इसी बीच पिंकी और चंद्रकेश में प्रेम संबंध हो गए तो दोनों ने पांच जुलाई को घर से भागकर वनखंडीनाथ मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया और वे लोग होटल में रहने लगे। पिंकी के परिजन को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों को बुलाकर धूमधाम से शादी करने की बात कही। इसके बाद चंद्रकेश ने मंगलवार रात पिंकी को उसके परिजन के पास छोड़ दिया। चंद्रकेश का आरोप है कि मंगलवार रात करीब तीन बजे पिंकी का भाई संतोष अपने चाचा ताराचंद, शिवकुमार और अमित के साथ उसे ऑटो में डालकर घर ले जाने लगे। पिंकी के चीखने की आवाज सुनकर उन्होंने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी उनसे मारपीट करके ऑटो से भागने लगे। उन्होंने फौरन ही अपने चचेरे भाई संतोष और दोस्त प्रद्युम्न को बुलाकर बाइक से टेंपो का पीछा करना शुरू कर दिया। डोहरा रोड पर जब उन लोगों ने टेंपो रुकवाने का प्रयास किया तो पिंकी के भाई संतोष ने उनके तहेरे भाई संतोष पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके सीने में लगी और फिर आरोपी भाग निकले। उन लोगों ने संतोष को पास के ही निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। चंद्रकेश की तहरीर पर पिंकी के भाई संतोष, चाचा ताराचंद, शिवकुमार और अमित के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव से बरामद हुई युवती
प्रेमी के तहेरे भाई को गोली मारने के बाद आरोपी पिंकी को लेकर भाग निकले। सूचना पर बारादरी पुलिस भी पीछे-पीछे भुता में उनके गांव पहुंच गई और युवती को बरामद कर लिया। उसे महिला थाने में रखा गया है। साथ ही मुख्य आरोपी संतोष, उसके भाई और पिता को हिरासत में ले लिया।
घटना की रिपोर्ट दर्ज करके युवती को बरामद कर लिया गया है। मुख्य आरोपी समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। - साद मियां खां, सीओ तृतीय